हम जैसा करते हैं वैसा पाते हैं : Akbar Birbal Moral Hindi Story – एक बार की बात है कि शहंशाह अकबर और बीरबल बगीचे में टहल रहे थे। अचानक बादशाह के दिमाग में एक सवाल आ गया। वह बीरबल की ओर देखते हुए बोले, “बीरबल, इस संसार में कोई गरीब है और कोई अमीर है। क्या बता सकते हो ऐसा क्यों है ?
खुदा तो समदर्शी हैं और वह सबका ही मालिक है और सभी उसकी संतान है। एक पिता तो अपनी संतान का सदा भला चाहता है और सभी को एक समान देखता है। फिर खुदा परमपिता होकर क्यों किसी को अमीर बना देता है और किसी को दो जून की रोटी के लिए भी तरसाता है ?” बादशाह अकबर यह कहकर चुप हो गए।

बीरबल बहुत सोचने के बाद बोले, “हुजूर, खुदा ऐसा ना करें तो कोई उसे खुदा मानेगा ही नहीं। दुनिया में पांच पिता होते हैं। आप भी उन पांच में से एक हैं अर्थात अपनी प्रजा के पिता हैं। आप तो किसी को दो सौ, किसी को चार सौ, किसी को सौ तो किसी को डेढ़ सौ और किसी को केवल चार- पांच रुपये की तनख्वाह देते हैं। जहांपनाह, आप ऐसा क्यों करते हैं ? सबको एक नजर से क्यों नहीं देखते ?”
बादशाह अकबर निरुत्तर हो गए और काफी सोच में पड़ गए। बीरबल समझ गए कि बादशाह असमंजस की स्थिति में है। अतः बीरबल बोले, “हुजूर, इसमें इतना दिमाग लगाने की जरूरत नहीं है। जो जिस तरह का काम करता है, वैसी ही उसको मजदूरी मिलती है और संसार ऐसे ही चलता है।
यदि ऐसा ना हो तो संसार चल ही नहीं सकता। ईश्वर कर्मों के अनुसार फल देता है। उसकी यह इच्छा कभी नहीं होती कि संसार के प्राणी दुःख उठाएं। ईश्वर तो सबका भला चाहता है, अब कोई उसके बताए रास्ते पर नहीं चलता है तो उसे उसके कर्मों का फल भुगतना पड़ता है।
जो परिश्रम करता है, अच्छा कर्म करता है, वह धनवान बनता है और जो कामचोर होता है, वह गरीब होता है। ईश्वर तो वही देता है, जो हम करते हैं, हुजूर।” बीरबल की बातों से अकबर बादशाह खुश हो गए और बीरबल की तारीफ करते हुए अपने महल की ओर लौट गए।
उम्मीद करता हूँ आपको यह पोस्ट (ham jaisa karte hai waisa pate hai – akbar birbal ki kahani) पसंद आया होगा। इसी तरह का नई-नई कहानी सीधे अपने ईमेल पर पाने के लिए इस ब्लॉग को सब्सक्राइब करें।
नीचे कमेंट जरूर बताये कि हम जैसा करते हैं वैसा पाते हैं : Akbar Birbal Moral Hindi Story आपको कैसी लगी। इस ब्लॉग के नये पोस्ट का नोटिफिकेशन फेसबुक पर पाने के लिए मेरे फेसबुक पेज को लाइक करें।